AMIT LEKH

Post: आरा में अपराधियों का तांडव, बुलेट सवार अपराधियों ने युवक के सीने में मारी गोली हालात गंभीर

आरा में अपराधियों का तांडव, बुलेट सवार अपराधियों ने युवक के सीने में मारी गोली हालात गंभीर

पटना से हमारे विशेष संवाददाता की रिपोर्ट : 

इस घटना के बाद मौला बाग और आसपास के क्षेत्रों में तनाव और दहशत का माहौल है

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। भोजपुर जिला में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस का इकबाल लगातार कम होता नजर आ रहा है। ताजा मामला नवादा थाना क्षेत्र के मौला बाग इलाके का है, जहां शनिवार को बेखौफ बुलेट सवार अपराधियों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घायल युवक की पहचान मौला बाग निवासी शत्रुघ्न सिंह के पुत्र आदर्श कुमार सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आदर्श कुमार सिंह अपने घर के पास ही एक किराना दुकान के समीप खड़ा था, तभी बुलेट पर सवार होकर आए अपराधियों ने उसे निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। गोली सीधे युवक के सीने में लगी, जिसके बाद वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए बड़े आराम से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत आरा शहर के बाबू बाजार स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। युवक का ऑपरेशन करने वाले प्रसिद्ध सर्जन डॉ. विकास सिंह ने बताया कि गोली युवक की छाती में लगी थी। फिलहाल ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गई है, लेकिन अधिक खून बह जाने और महत्वपूर्ण अंग के पास चोट होने के कारण युवक की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। उसे गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। प्राथमिक दृष्टि में घटना के पीछे पुराना विवाद बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही नवादा थाना अध्यक्ष विपिन बिहारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद किए हैं और आसपास के लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद मौला बाग और आसपास के क्षेत्रों में तनाव और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी अब लोग सुरक्षित नहीं हैं। पुलिस की गश्ती पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने मांग की है कि जिले में बढ़ते अपराध पर लगाम कसी जाए और आदर्श पर हमला करने वाले दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

Leave a Reply

Recent Post