पटना से हमारे विशेष संवाददाता का संकलन :
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला का शव घर में फंदे से लटका हुआ मिला
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
गया, (दिवाकर पाण्डेय)। जिला के शेरघाटी थाना क्षेत्र स्थित बार गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान पंकज पासवान की पत्नी बिना देवी के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला का शव घर में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि परिजनों और ग्रामीणों की ओर से हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। ऐसे में पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, गुरुवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके अगले दिन महिला का शव फंदे से लटका मिला। यह भी बताया जा रहा है कि घटना के बाद पति ने शव को नीचे उतारा और फिर मौके से चला गया। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। गाँव में शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।








