महराजगंज से जिला ब्यूरो का संकलन :
कार्यक्रम का आयोजन इंस्पेक्टर सर्वेश कुमार के निर्देशन में किया गया
रैली का उद्देश्य बच्चों एवं आम लोगों को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्रप्रेम के प्रति जागरूक करना था
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
महराजगंज, (तैयब अली चिश्ती)। जनपद के थाना निचलौल क्षेत्र के भारत- नेपाल सीमा से सटे डॉ. भीमराव अंबेडकर लघु माध्यमिक विद्यालय, मोती नगर बहुआर कला में एसएसबी 22वीं वाहिनी झुलनीपुर के जवानों द्वारा स्कूली बच्चों के साथ जागरूकता साइकिल रैली निकाली गई।

कार्यक्रम का आयोजन इंस्पेक्टर सर्वेश कुमार के निर्देशन में किया गया। रैली का उद्देश्य बच्चों एवं आम लोगों को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्रप्रेम के प्रति जागरूक करना था। रैली में बड़ी संख्या में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

एसएसबी के उपनिरीक्षक रामलाल ने बच्चों के साथ साइकिल चलाकर उन्हें फिट रहने, अनुशासन बनाए रखने और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। रैली की शुरुआत विद्यालय परिसर से हुई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में समाप्त हुई।

इस दौरान बच्चों ने “स्वस्थ रहो – देश को मजबूत बनाओ” और “पर्यावरण बचाओ- भविष्य बचाओ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर इंस्पेक्टर सर्वेश यादव ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में देशभक्ति, अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

उन्होंने बताया कि एसएसबी द्वारा समय-समय पर समाज के बीच इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस मौके पर रमेश कुमार, गणेश सिंह, अमरनाथ, कमल कुमार, रविंद्र कुमार सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य, अध्यापक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।








