महराजगंज से जिला ब्यूरो तैयब अली चिश्ती की रिपोर्ट :
महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
महराजगंज, (निचलौल)। थाना निचलौल क्षेत्र के अंतर्गत अमड़ा उर्फ झुलनीपुर गांव में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सत्य चंडी महायज्ञ का शुभारंभ श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया गया।

महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलश यात्रा में महिलाओं, युवतियों एवं ग्रामीणों की भारी भीड़ देखने को मिली।

सिर पर कलश धारण कर निकली महिलाओं ने पूरे गांव का भ्रमण किया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। “जय माता दी” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। इस अवसर पर यज्ञ समिति के अध्यक्ष भास्कर विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वहीं, वैदिक विधि-विधान के साथ पंडित आनंद बाबा द्वारा मंत्रोच्चार कर महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ कराया गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र थाना निचलौल प्रभारी अखिलेश कुमार वर्मा एवं बहुआर चौकी प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।

ग्रामीणों के अनुसार, इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।








