AMIT LEKH

Post: समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : जिला पदाधिकारी

समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : जिला पदाधिकारी

बेतिया से उप-संपादक का चश्मा : 

सोमवारीय बैठक में जिला पदाधिकारी ने दिए कई निर्देश

जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में आयोजित सोमवारीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

फोटो : मोहन सिंह

बैठक में आपूर्ति, सहकारिता, आईसीडीएस, सांख्यिकी, जन सुनवाई, पीएम सूर्यघर योजना, ज्ञान भारतम एप तथा संभावित बाढ़ आपदा से संबंधित तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से आमजन तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि लाभुकों को नियत समय पर निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि गोदाम से जन वितरण प्रणाली की दुकानों तक खाद्यान्न का परिवहन निर्धारित समय में और सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई संवेदक निर्धारित वाहनों के स्थान पर कम वाहनों का उपयोग करता है या परिवहन कार्य में कोताही बरतता है तो उसके विरुद्ध तत्काल शोकाॅज जारी कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही एलपीजी आपूर्ति से संबंधित प्राप्त शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया। बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आरटीपीएस सेवाओं का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े आवेदनों के प्रति संवेदनशीलता बरतने और प्राथमिकता के आधार पर उनका निष्पादन करने को कहा। आईसीडीएस की समीक्षा के क्रम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रगति से अवगत कराया। इस पर जिला पदाधिकारी ने शेष बचे सभी केंद्रों में शीघ्र विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने, शौचालय निर्माण पूर्ण कराने तथा क्षतिग्रस्त भवनों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने उप विकास आयुक्त श्री काजले वैभव नितिन को इस कार्य की नियमित समीक्षा कर प्रगति में तेजी लाने को कहा। जन सुनवाई एवं जनता दरबार से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का अविलंब निष्पादन किया जाए ताकि आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। ज्ञान भारतम एप पर पांडुलिपियों के अपडेशन को लेकर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।संभावित बाढ़ आपदा को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने आपदा प्रबंधन शाखा को सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपदा से निपटने के लिए संसाधनों, मानवबल तथा राहत व्यवस्था की पूर्व तैयारी अनिवार्य है। पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने अग्रणी जिला प्रबंधक को निर्देश दिया कि आवेदन करने वाले शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए विशेष शिविर आयोजित कर आवेदकों एवं संबंधित बैंक अधिकारियों को आमंत्रित किया जाए, प्रत्येक आवेदन की व्यक्तिगत समीक्षा की जाए तथा स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने उप विकास आयुक्त को इस योजना की सतत निगरानी करने तथा बैंक पदाधिकारियों के साथ नियमित बैठक करने का निर्देश दिया।स्वगणना अभियान को लेकर जिला पदाधिकारी ने कहा कि एक मई तक निर्धारित अवधि के भीतर जिले के सभी नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर शत-प्रतिशत स्वगणना कराने के निर्देश दिए। बैठक में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा सुजीत कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Recent Post