छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :
एनएच-531 पर बंशी छपरा के पास हुआ हादसा
छपरा-सीवान एनएच-531 पर लगातार हो रहे सड़क हादसे लोगों की चिंता बढ़ा रहे हैं
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
रूचि सिंह सेंगर
– अमिट लेख
एकमा, (सारण)। बारात की खुशियां मातम में बदल गईं, जब उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रामपुर से लौट रही युवकों से भरी बोलेरो सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र में बंशी छपरा गांव के समीप सड़क किनारे खड़े एक अज्ञात ट्रक से जा टकराई।

बुधवार की अहले सुबह छपरा-सीवान नेशनल हाईवे-531 पर हुए इस भीषण हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत सात अन्य घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। मृतक की पहचान दाउदपुर थाना क्षेत्र के दुमदुमा गांव निवासी राम ईश्वर साह के 24 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार साह के रूप में हुई है। घायलों में दाउदपुर थाना क्षेत्र के हर्षपुरा गांव निवासी मुकेश कुमार, सूरज कुमार, दाउदपुर निवासी दिलीप कुमार उर्फ दीपू, जैतपुर निवासी छोटू कुमार तथा जैतपुर तिवारी टोला निवासी प्रियांशु कुमार पाठक समेत अन्य शामिल हैं। सूचना मिलते ही रसूलपुर थानाध्यक्ष प्रिंस राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एकमा एवं अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल सूरज कुमार को एकमा सीएचसी में तैनात डॉ विवेक प्रसाद द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जबकि दो अन्य गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना भेजा गया है। बताया गया कि दाउदपुर थाना क्षेत्र के हर्षपुरा गांव से कुछ युवक मंगलवार की शाम बारात में शामिल होने उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रामपुर गए थे। बुधवार सुबह घर लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद परिजनों को सौंप दिया है तथा अज्ञात ट्रक और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
शव पहुंचते ही गांव में पसरा मातम :
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही राहुल का शव गांव पहुंचा, परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

मां राधिका देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। पिता और अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। गांव में शोक का माहौल है। बाद में मांझी के सरयू नदी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
क्रिकेट प्रेमी राहुल का अधूरा रह गया सपना :
राहुल गांव के युवाओं के बीच क्रिकेट प्रेमी के रूप में पहचाने जाते थे। परिजनों के अनुसार वह ग्रेजुएशन के साथ सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं कि नौकरी मिलने के बाद घर की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है।
एनएच-531 पर बढ़ते हादसे चिंता का कारण :
छपरा-सीवान एनएच-531 पर लगातार हो रहे सड़क हादसे लोगों की चिंता बढ़ा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार, सड़क किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण यह मार्ग जानलेवा बनता जा रहा है। लोगों ने हाईवे पर सख्त निगरानी, नियमित गश्त और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की मांग की है।








