बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
बकाया ऋण नहीं चुकाने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय में लगेगा विशेष वसूली शिविर
विशेष वसूली कैम्प की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, पश्चिम चम्पारण द्वारा मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक रोजगार ऋण योजना, NMDFC टर्म लोन योजना एवं मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक शिक्षा ऋण योजना के तहत वितरित ऋण राशि की वसूली हेतु 08 जून 2026 से 13 जून 2026 तक विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा। सहायक निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, पश्चिम चम्पारण श्री अब्दुल रशीद ने बताया कि विभागीय निर्देश के आलोक में यह कैंप जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, बेतिया में प्रतिदिन पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक आयोजित होगा। इसका उद्देश्य ऋणियों को ऋण वापसी की सुविधा उपलब्ध कराना तथा बकाया राशि की वसूली में तेजी लाना है।उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय पर ऋण राशि जमा नहीं करने वाले ऋणियों पर बकाया राशि के साथ ब्याज एवं दंड ब्याज लगाया जाएगा। इसके अलावा संबंधित बकायेदारों के विरुद्ध दीवानी एवं फौजदारी मुकदमा भी दायर किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि ऋण वसूली कैंप में बकाया ऋण का भुगतान नहीं करने पर किसी प्रकार का स्पष्टीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा संबंधित ऋणियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में 20 मई को जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय में सहायक निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, पश्चिम चम्पारण अब्दुल रशीद की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर कैंप की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में प्रधान सहायक ललन कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।








