महराजगंज से हमारे जिला ब्यूरो की रिपोर्ट :
जमाकर्ताओं का करोड़ों रुपया वापस दिलाने की उठी मांग
क्षेत्रीय विकास निधि लिमिटेड के एमडी व डायरेक्टरों पर कार्रवाई की मांग, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
महराजगंज, (तैयब अली चिश्ती)। जनपद के निचलौल तहसील परिसर में आज दिनांक 20/05/2026 को आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जाहिद अली के नेतृत्व में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया और उप जिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।
प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्रीय विकास निधि लिमिटेड गोरखपुर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जमाकर्ताओं का पैसा वापस दिलाने की अपील की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्रीय विकास निधि लिमिटेड नामक संस्था ने सिंदुरिया चौराहा, निचलौल के चिउटहा रोड, बहुआर खुर्द, ठूठीबारी रोड तथा नौतनवा के मिश्रौलिया ब्लॉक के पास अपनी शाखाएं संचालित कर क्षेत्र के हजारों लोगों से करोड़ों रुपये जमा कराए थे। संस्था का हेड ऑफिस गोरखपुर में बताया जा रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि संस्था के एमडी बृजेश चंद्र श्रीवास्तव तथा डायरेक्टर अवनीश कुमार मिश्रा एवं अनीता शर्मा ने मिलकर विभिन्न क्षेत्रों में शाखाएं खोलकर आम जनता का पैसा जमा कराया। समय पूरा होने के बाद कुछ लोगों को आंशिक भुगतान कर दिया गया, जबकि अधिकांश जमाकर्ताओं को अब तक उनका पैसा नहीं मिल सका है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि गरीब और मेहनतकश परिवारों ने अपना खून-पसीना बहाकर भविष्य की उम्मीद में इस संस्था में धन जमा किया था, लेकिन अब वे अपने ही पैसे के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन से मांग की कि संस्था के एमडी और डायरेक्टरों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए जमाकर्ताओं की गाढ़ी कमाई वापस दिलाई जाए। इस दौरान राजू, दिनेश, उमेश, दयानंद, पप्पू, कृष्णा, बबलू, पडोही, मदन, संतोष, विजय, तैमूर, संजय, पिंकी, शशिकला, आरती, सरिता, खैरुल, वशिष्ठ, अनूप, सुनील, अमर, राजेश, धर्मेंद्र, प्रीतम, विशंभर, सुमति, शत्रुघ्न, अंजू सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पीड़ित जमाकर्ता मौजूद रहे।








