महराजगंज से हमारे जिला ब्यूरो की रिपोर्ट :
अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए मांगी गई दुआ
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
महराजगंज, (तैयब अली चिश्ती)। जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत बहुआर मिश्रौलिया झूलनीपुर गोसाईपुर रेंगहिया शीतलापुर के ईदगाह समेत आसपास के सभी ईदगाहों में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पूरे उत्साह, श्रद्धा और अकीदत के साथ मनाया गया।

बुधवार सुबह से ही ईदगाहों पर नमाजियों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। नमाज के दौरान पूरा माहौल “अल्लाहु अकबर” की सदाओं से गूंज उठा। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने देश में अमन-शांति, भाईचारे, खुशहाली और तरक्की के लिए विशेष दुआ मांगी।

इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और आपसी प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया। बच्चों और युवाओं में भी त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में खुशी और भाईचारे का माहौल बना रहा। ईद-उल-अजहा का पर्व जनपद भर में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थानाध्यक्ष अंकित सिंह लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहे। वहीं बहुआर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार गुप्ता अपने पुलिस जवानों के साथ ईदगाहों एवं प्रमुख स्थानों पर तैनात दिखाई दिए। प्रशासन की सतर्कता और लोगों के सहयोग से पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।








