बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
कई फीट लंबी कच्ची दीवार के मलवे के गिर जाने के बाद महापौर की त्वरित पहल से मुख्य नाला सफाई के बाद सुचारू हो सकी जल निकासी व्यवस्था
महापौर के निरीक्षण के क्रम में जाम पड़े मुख्य नाले में गिरे पुरानी कच्ची दीवार के मलबे को तेजी से हटाने का कार्य तेजी से कराया गया शुरू
भविष्य में नगर निगम क्षेत्र में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक निगरानी और जरूरी पहल का महापौर ने जारी किया है आदेश
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 24 अंतर्गत भोला बाबू कॉलोनी स्थित नगर निगम के “बम-पुलिस” स्थल के समीप मुख्य नाले की कई फीट लंबी कच्ची दीवार के गिर जाने से नाले की जल निकासी व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हो रही थी,

इसकी जानकारी देते हुए महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि दीवार गिरने के बाद उसके एक बड़े अंश भाग से मुख्य नाले में पानी का प्रवाह अवरुद्ध हो गया था जिससे मैन्युअल लेबर के द्वारा सफाई करने में काफी परेशानी हो रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही महापौर गरिमा देवी सिकारिया तत्काल मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित नगर निगम सफाई निरीक्षक और सफाई कर्मियों को तत्काल समस्या के निराकरण का कार्य शुरू करने का सख्त निर्देश दिया। महापौर के निर्देश पर मुख्य नाले में गिरे कच्ची दीवार के मलबे को तेजी से हटाने का कार्य शुरू कराया गया।
उसे औजार की सहायता से टुकड़ों में तोड़कर नाले में जमा मलबे की सफाई कर अवरुद्ध जल निकासी व्यवस्था को पुनः सुचारू किया गया। त्वरित कार्रवाई के कारण संभावित जलजमाव की समस्या पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद नागरिकों ने महापौर की सक्रियता और त्वरित निर्णय क्षमता की सराहना की और कहा कि समय पर हस्तक्षेप नहीं होता, तो यही मलवा यूं ही पड़े पड़े बरसात के समय मुख्य नाले की जल निकासी में अवरोध का मुख्य कारण बनता।

नगर निगम क्षेत्र में भी भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक निगरानी और जरूरी पहल करने का आदेश महापौर श्रीमती सिकारिया द्वारा जारी किया गया है।








