बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
नगर निगम बोर्ड द्वारा पारित मीना बाजार क्षेत्र के लिए कुल चार योजनाओं में से दो को पहले ही कराया जा चुका है पूरा
समस्याओं के निदान के लिए मीना बाजार क्षेत्र के व्यवसाई और दुकानदारों के द्वारा भ्रमण के दौरान की गई थी महापौर से मांग
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि ऐतिहासिक मीना बाजार क्षेत्र की ढांचा गत सुरक्षा और बदहाली दूर करने के लिए नगर निगम बोर्ड द्वारा कुल चार योजनाओं को स्वीकृति दी गई है।

महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि पारित योजनाओं में से प्राथमिकता के आधार पर दो को पहले ही पूरा किया जा चुका है। वही बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से संबंधित दो अन्य योजनाओं के लिए करीब 30 लाख की दो अन्य योजनाओं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जिससे उम्मीद है कि इस सघन शहरी क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूती मिलने के साथ नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा।

महापौर ने बताया कि पारित योजना के तहत मीना बाजार स्थित मीठा हट्टा में स्थित कुएं का जीर्णोद्धार, मछली हट्टा में मूत्रालय निर्माण, छोटा रमना स्थित अनाज हट्टा क्षेत्र में स्थित कुएं के जीर्णोद्धार, कावेरी होटल रोड में मूत्रालय के पुनर्निर्माण तथा मीना बाजार स्थित मछली-हट्टा के जर्जर शेड की मरम्मत कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। महापौर ने बताया कि इस योजना की स्वीकृत राशि 16 लाख 83 हजार 813 रुपये निर्धारित है। महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि इसी प्रकार मीना बाजार क्षेत्र की मस्जिद से नीरज सोनी की दुकान तक नाला निर्माण योजना को भी नगर निगम बोर्ड की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इस योजना की स्वीकृत लागत 13 लाख 16 हजार 789 रुपये तय की गई है। उन्होंने बताया कि यह योजना पूरा होने से मीना बाजार क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था और बेहतर होगी। महापौर ने बताया कि इन योजनाओं के पूरी होने से ऐतिहासिक धरोहर की संरक्षा के साथ सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार के साथ लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से मुक्ति मिलेगी।








