बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया की हुई समीक्षा, रैयतों से हुई वार्ता
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। वाल्मीकिनगर एयरपोर्ट के विस्तार की प्रक्रिया को गति देने के उद्देश्य से आज अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा ने वाल्मीकिनगर पहुंचकर प्रस्तावित भूमि का स्थल निरीक्षण किया।

इस दौरान उनके साथ राजस्व शाखा प्रभारी अहमद अली अंसारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता ने एयरपोर्ट विस्तार के लिए चिन्हित भूमि का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने भूमि अधिग्रहण एवं अन्य राजस्व संबंधी बिंदुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके उपरांत अपर समाहर्ता ने अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर एयरपोर्ट विस्तार से जुड़ी विभिन्न प्रशासनिक एवं राजस्व प्रक्रियाओं की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में भूमि अधिग्रहण की प्रगति, आवश्यक औपचारिकताओं तथा आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।इस दौरान प्रस्तावित क्षेत्र के रैयतों के साथ भी वार्ता की गई।
प्रशासन की ओर से एयरपोर्ट विस्तार परियोजना के महत्व की जानकारी देते हुए आपसी सहमति से भूमि क्रय की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई। रैयतों के सुझाव एवं समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।








