पटना से हमारे विशेष ब्यूरो का संकलन :
वायरल वीडियो मामले में, SSP ने दिए जांच के आदेश, सोना बेचकर लोहा खरीदने की बात कर रहा शख्स
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। वायरल वीडियो में एक युवक कार के अंदर बैठा दिखाई दे रहा है, जिसके हाथ में कथित तौर पर ऑटोमैटिक हथियार है। वीडियो में युवक लोगों को सोना बेचकर लोहा (हथियार) खरीदने की बात कहते हुए इलाके को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला देने जैसी आपत्तिजनक बातें करता सुनाई दे रहा है। अमिट लेख इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। मिली जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान सकरा थाना क्षेत्र के सबहा गांव निवासी विवेक सिंह राजपूत के रूप में की जा रही है। वीडियो में वह कथित तौर पर जातीय टिप्पणी करते हुए यह भी कहता है कि यदि उसके समाज के खिलाफ कोई बोलेगा, तो वह पूरे इलाके को गोलियों की आवाज से दहला देगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने तत्काल संज्ञान लिया है। मामले की जांच का आदेश देते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या समाज में भय और वैमनस्य फैलाने की कोशिश किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की तकनीकी टीम और संबंधित थाना पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं। पुलिस यह पता लगा रही है कि वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार लाइसेंसी है या अवैध। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वीडियो कब और कहां बनाया गया तथा किस उद्देश्य से सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। उन्होंने कहा है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित युवक के खिलाफ विधि-सम्मत और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








