बांका से हमारे उप-संपादक का संकलन :
शादी की नीयत से किशोरी को किया था अग़वा, बरामदगी के बाद महिला पुलिस अभिरक्षा में लाया थाना
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
शंभूगंज/बांका, (प्रीतम कुमार)। शंभूगंज थाना पुलिस ने शादी की नीयत से अपहरण की गई एक किशोरी को त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। इस कार्रवाई से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार, शंभूगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को गांव के ही एक किशोर ने शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। घटना के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिलने पर उसके पिता ने शंभूगंज थाना में लिखित आवेदन देकर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुसंधान शुरू किया। तकनीकी साक्ष्यों एवं गुप्त सूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की गई। इसी दौरान पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बरामदगी के बाद किशोरी को अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने मंगलवार को बताया कि अपहृत किशोरी को बरामद कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि न्यायालय में किशोरी का धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा। बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मामले में शामिल आरोपित के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई जारी है। शंभूगंज थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने कहा कि महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।








