छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :
आरएन इंटर कॉलेज परसागढ़ कैंपस में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों को दिया गया आमंत्रण
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख, संवाददाता
एकमा, (सारण)। सारण जिले के एकमा प्रखंड के परसागढ़ स्थित आरएन उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज परिसर में संचालित होने जा रहे नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का विधिवत शुभारंभ 15 जुलाई को सुबह 10:30 बजे होगा।

इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा बिहार के भागलपुर में आयोजित एक समारोह स्थल से सुबह के परसागढ सहित सूबे के 211 नवस्थापित डिग्री महाविद्यालयों का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में एकमा के प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ अरुण कुमार द्वारा जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार उद्घाटन समारोह में महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद, एकमा विधानसभा क्षेत्र के विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला परिषद सदस्य, प्रखंड प्रमुख एवं उपप्रमुख, प्रखंड कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति के सदस्य, पंचायतों के मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद् तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

आमंत्रण पत्र में बताया गया है कि नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय (आरएन उच्च विद्यालय, परसागढ़ कैंपस) का उद्घाटन 15 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके लिए सभी आमंत्रित अतिथियों से निर्धारित तिथि को कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया गया है।
वहीं स्थानीय लोगों का मानना है कि राजकीय डिग्री महाविद्यालय की स्थापना से एकमा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए जिला मुख्यालय सहित दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
इससे विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर एवं छात्र-छात्राओं को काफी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र में उच्च शिक्षा को नई दिशा मिलेगी। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को सफल एवं गरिमामय बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां मंगलवार देर शाम तक पूरी की जाती रहीं। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, छात्रों एवं स्थानीय लोगों की उपस्थिति रहने की संभावना है।








