हथियार बनाने के सामान के साथ संचालक गिरफ्तार
बरारी पुलिस और एसटीएफ की विशेष टीम ने संयुक्त रूप से रणनीति बनाकर बताए गए ठिकाने पर अचानक छापेमारी की
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। करिहार जिला के बरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुजापुर में पुलिस और बिहार एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से फैक्ट्री का संचालन कर रहे मुख्य आरोपी को धर दबोचा। इस सफल छापेमारी से इलाके में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी करने वाले गिरोह में हड़कंप मच गया है। कोढ़ा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सुनील कुमार शर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को सुजापुर गांव में एक झोपड़ी के भीतर लेथ मशीन की आड़ में अवैध हथियार बनाने की गुप्त जानकारी मिली थी। सूचना का सत्यापन करने के बाद बरारी पुलिस और एसटीएफ की विशेष टीम ने संयुक्त रूप से रणनीति बनाकर बताए गए ठिकाने पर अचानक छापेमारी की, जहाँ से मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से अवैध हथियारों का जखीरा और निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद की। जब्त किए गए सामान में चार निर्मित देशी कट्टा, एक दो नाली बंदूक, एक अर्द्धनिर्मित कट्टा, एक लेथ मशीन और हथियार तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण एवं औजार शामिल हैं। पुलिस ने बरामद सभी सामानों को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस की गिरफ्त में आए गन फैक्ट्री के संचालक की पहचान रजाउल अंसारी के रूप में हुई है। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यहाँ तैयार किए गए अवैध हथियारों को दियारा क्षेत्र में अपराधियों और गिरोहों को सप्लाई करता था। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से भी आर्म्स एक्ट तथा डकैती की योजना बनाने के मामले दर्ज हैं। एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस अब इस पूरे अवैध नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार बनाने के लिए कच्चा माल कहाँ से लाया जाता था और किन-किन लोगों को हथियार बेचे गए थे। पुलिस का दावा है कि इस मामले में शामिल अन्य सहयोगियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








