छपरा से हमारे उप-संपादक की रिपोर्ट :
बीआरयूए प्रतिनिधिमंडल के साथ सोनपुर मंडल के अधिकारियों की हुई बैठक
बैठक में बिहार रेल यूजर्स एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष हर्ष राज, उपाध्यक्ष अभिनव सिन्हा, सारण प्रमंडल के क्षेत्रीय सचिव व स्टेशन रोड एकमा के निवासी रवि कुमार गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख, के.के. सिंह सेंगर
छपरा/एकमा (सारण)। रेल यात्रियों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर बिहार रेल यूजर्स एसोसिएशन (बीआरयूए) के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक सुधार की मांग उठाई गई। बैठक में बीआएयूए के प्रतिनिधिमंडल ने स्टेशनों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, यात्री सुरक्षा, पेयजल, प्रतीक्षालय, प्रकाश व्यवस्था, सूचना प्रणाली तथा अन्य आवश्यक विकास कार्यों से संबंधित समस्याओं को रेलवे प्रशासन के समक्ष रखा। प्रतिनिधियों ने कहा कि यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इन समस्याओं का शीघ्र समाधान आवश्यक है। बैठक में बिहार रेल यूजर्स एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष हर्ष राज, उपाध्यक्ष अभिनव सिन्हा, सारण प्रमंडल के क्षेत्रीय सचिव व स्टेशन रोड एकमा के निवासी रवि कुमार गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वहीं रेलवे प्रशासन की ओर से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) धीरज कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पृथ्वीराज तथा जनसंपर्क अधिकारी राम प्रताप सिंह ने भाग लिया। बैठक के दौरान रेलवे अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र एवं सकारात्मक समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक के बाद बीआरयूए के अध्यक्ष हर्ष राज ने कहा कि संगठन का उद्देश्य रेल यात्रियों की आवाज़ को प्रभावी ढंग से रेलवे प्रशासन तक पहुंचाना और उन्हें सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि यात्रियों के हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को संगठन पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ उठाता रहेगा। साथ ही विश्वास जताया कि रेलवे प्रशासन के सहयोग से सोनपुर मंडल के स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। बिहार रेल यूजर्स एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन के सकारात्मक सहयोग से यात्रियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान होगा तथा भविष्य में भी यात्रियों के हितों से जुड़े विषयों पर रेलवे प्रशासन और बीआरयूए के बीच रचनात्मक संवाद लगातार जारी रहेगा।








