रिपोर्ट : उप-संपादक बेतिया
नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत युवाओं ने लिया नशा मुक्त भारत का संकल्प
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चंपारण समाहरणालय सभागार में आज “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” के शुभारंभ सह जन-जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्र को संबोधित “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का लाइव प्रसारण सभी प्रतिभागियों को दिखाया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन की ओर से उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, वरीय उप समाहर्ता सह विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार, डीपीएम (शिक्षा विभाग) श्रीमती कुमकुम पाठक तथा डीपीएम जीविका आर. के. निखिल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने युवाओं से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स, स्काउट एवं गाइड, माय भारत वॉलिंटियर्स तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता, युवाओं की जिम्मेदारी तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के समापन के उपरांत माय भारत यूथ आइकॉन, बिहार आदित्य मधुकर द्वारा उपस्थित सभी युवाओं को नशा मुक्त भारत का संकल्प दिलाया गया। सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशा मुक्ति के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने कहा, “भारत विश्व का सबसे युवा देश है। हमारे पास केवल जनसंख्या नहीं, बल्कि जनशक्ति है। यदि यही जनशक्ति नशा मुक्त रहे तो हमारा देश विकास और प्रगति की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा। नशा मुक्त भारत केवल एक सामाजिक अभियान नहीं, बल्कि विकसित भारत की पहली शर्त है।” कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा “विकसित भारत 2047” के निर्माण में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना था। उपस्थित सभी युवाओं ने नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु जन-जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।








