रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो, पटना
24 घंटे के भीतर योगदान नहीं दिया तो करवाई तय, ट्रांसफर के बावजूद नहीं कर रहे ज्वाइन
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने अंतर-जिला स्थानांतरित एवं पदस्थापित राजस्व कर्मचारियों को कड़ा निर्देश देते हुए कहा है कि जिन कर्मचारियों ने अब तक अपने नव पदस्थापित जिला में योगदान समर्पित नहीं किया है, वे अगले 24 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से योगदान दें। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा आदेश संख्या-298(4) दिनांक 14.07.2026, आदेश संख्या-326(4) दिनांक 23.07.2026 तथा आदेश संख्या-336(4) दिनांक 28.07.2026 के माध्यम से अंतर-जिला स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया गया था। इसके बावजूद कुछ राजस्व कर्मचारियों द्वारा अब तक योगदान नहीं किया गया है, जो विभागीय आदेशों की अवहेलना है। सचिव जय सिंह ने स्पष्ट कहा कि 24 घंटे की निर्धारित अवधि के भीतर योगदान नहीं करने वाले राजस्व कर्मचारियों के विरुद्ध बिना किसी अतिरिक्त अवसर के विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी। स्थानांतरण आदेशों की अवहेलना को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी जिला पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 24 घंटे की अवधि समाप्त होने के तुरंत बाद योगदान नहीं देने वाले कर्मचारियों की सूची विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि उनके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। सचिव ने कहा कि सरकार की मंशा प्रशासन को जवाबदेह, अनुशासित एवं जनोन्मुख बनाना है। इसलिए प्रत्येक राजस्व कर्मचारी का दायित्व है कि वह विभागीय आदेशों का समयबद्ध पालन करते हुए अपने नव पदस्थापित स्थल पर तत्काल योगदान समर्पित करें।








