AMIT LEKH

Post: लूट के विरोध में परसागढ़ बाजार में लगभग दो दर्जन स्वर्ण व्यवसायियों की दुकानें बंद रहीं 

लूट के विरोध में परसागढ़ बाजार में लगभग दो दर्जन स्वर्ण व्यवसायियों की दुकानें बंद रहीं 

संकलन : उप-संपादक, छापरा

एकमा विधायक धूमल सिंह ने दिया सुरक्षा का भरोसा, कहा- भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए होगी पहल

परसागढ बाजार में पुलिस चौकी दोबारा खोलने के लिए एसएसपी से बातचीत कर पहल करने का विधायक ने दिया आश्वासन

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख, संवाददाता

एकमा, (सारण)। जिले के एकमा थाना क्षेत्र स्थित परसागढ़ बाजार के स्वर्ण व्यवसायी संदीप सोनी के साथ सोमवार को हुई सोना-चांदी, मोबाइल व अन्य सामान की लूट के विरोध में मंगलवार को परसागढ़ बाजार के लगभग दो दर्जन स्वर्ण व्यवसायियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध जताया।

फोटो : संवाददाता

व्यवसायियों ने घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए बाजार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने और लूटकांड में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। बाजार बंद की सूचना मिलने पर एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और व्यवसायियों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। इसी दौरान एकमा विधायक मनोरंजन कुमार सिंह धूमल भी परसागढ़ बाजार पहुंचे। उन्होंने स्वर्ण व्यवसायियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया।

विधायक श्री सिंह ने कहा कि व्यवसायियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो, इसके लिए पुलिस-प्रशासन के स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि परसागढ़ बाजार में पुलिस चौकी दोबारा खोलने को लेकर उन्होंने सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक से पूर्व में बातचीत की थी। उस समय व्यवसायियों से पुलिस चौकी खोलने के लिए लिखित आवेदन देने को कहा गया था, लेकिन अब तक व्यवसायियों की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि व्यवसायी यदि पुलिस चौकी पुनः स्थापित करने के लिए लिखित मांग करते हैं तो वे दोबारा एसएसपी सारण से बातचीत कर चौकी खोलने की दिशा में पहल करेंगे। व्यवसायियों ने विधायक के समक्ष बाजार में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने, पुलिस चौकी पुनः स्थापित करने तथा लूट की घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग रखी। विधायक ने उनकी मांगों पर गंभीरता से पहल करने का आश्वासन दिया।

पेट्रोल पंप के पास नकाबपोश अपराधियों ने की थी लूट :

स्वर्ण व्यवसायियों के अनुसार, सोमवार को एकमा-परसागढ़ मुख्य सड़क पर पेट्रोल पंप के समीप नकाबपोश अज्ञात अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी संदीप सोनी को निशाना बनाया था। अपराधियों ने हथियार के बल पर सोना-चांदी के आभूषण, नगदी, मोबाइल समेत अन्य सामान लूट लिया और फरार हो गए थे।

छाया : अमिट लेख

घटना के बाद से ही परसागढ़ बाजार के व्यवसायियों में आक्रोश था। इधर, एकमा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष रामबालक यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। अपराधियों के संभावित ठिकानों पर भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों की गिरफ्तारी की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Recent Post