रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 10 नवम्बर 2026
चनपटिया विधायक ने अधिकारियों को दिए निर्देश
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चनपटिया विधायक अभिषेक रंजन ने मंगलवार को चनपटिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथ, जलाशयों की स्थिति और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान चनपटिया प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रणव गिरी एवं अंचल अधिकारी राहुल कुमार भी मौजूद रहे। विधायक ने विभिन्न छठ घाटों पर चल रहे साफ-सफाई कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों की समुचित सफाई सुनिश्चित की जाए। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त करने, जलाशयों के आसपास गंदगी हटाने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा। इस दौरान विधायक अभिषेक रंजन ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की आस्था और लोक संस्कृति का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है। इसमें किसी भी श्रद्धालु को परेशानी नहीं होनी चाहिए। विधानसभा क्षेत्र के सभी छठ घाटों की साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को पहले ही निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि मुझे जहां से भी घाटों की साफ-सफाई नहीं होने या श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा होने की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल संज्ञान लिया जा रहा है। जिन घाटों पर बड़े स्तर पर सफाई की आवश्यकता है, वहां अपने निजी स्तर से जेसीबी मशीन लगवाकर सफाई कराई जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। विधायक ने आम लोगों से भी अपील की कि छठ घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्था में सहयोग करें। कहीं भी सफाई नहीं होने, रास्ते में कीचड़ या अन्य किसी प्रकार की समस्या होने पर इसकी सूचना उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते उसका समाधान कराया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें, जिससे श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, स्वच्छता और सुरक्षित वातावरण में लोक आस्था का महापर्व मना सकें।

