AMIT LEKH

Post: गया-कोडरमा रेलखंड पर युवती की लाश से सनसनी, रेलवे ट्रैक पर मिला शव

गया-कोडरमा रेलखंड पर युवती की लाश से सनसनी, रेलवे ट्रैक पर मिला शव

रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो, पटना 

लाश की संवाद प्रेषण तक नहीं हो सकी थी पहचान

आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है और युवती की पहचान से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। गया-कोडरमा रेलखंड पर मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पहाड़पुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ। शव की पहचान नहीं हो पाने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। सूचना मिलते ही रेल पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि घटना सोमवार देर रात की है। रातो गांव के समीप रेलवे पोल संख्या 439 के 11/13 के पास रेलवे ट्रैक पर युवती का शव पड़ा मिला। ट्रैक पर शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर युवती रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची? क्या वह किसी ट्रेन से गिरकर हादसे का शिकार हुई या फिर किसी दूसरे स्थान पर उसके साथ कोई वारदात हुई और बाद में शव को ट्रैक पर लाकर छोड़ दिया गया? फिलहाल इन सवालों का जवाब जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आने की उम्मीद है। घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे ट्रेन से गिरने की आशंका से जोड़ रहे हैं, जबकि कुछ ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। गया रेल थाना पुलिस का कहना है कि घटनास्थल उनके क्षेत्राधिकार में नहीं आता। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कवायद शुरू कर दी है। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है और युवती की पहचान से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं। साथ ही घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती युवती की पहचान और मौत की असल वजह पता लगाना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने में मदद मिल सकती है कि मौत ट्रेन की चपेट में आने या ट्रेन से गिरने के कारण हुई अथवा मामले के पीछे कोई आपराधिक पहलू है।पुलिस हर संभावित एंगल से तफ्तीश आगे बढ़ा रही है। युवती की पहचान होने के बाद उसके घटनास्थल तक पहुंचने और मौत की परिस्थितियों को लेकर जांच को अहम दिशा मिलने की उम्मीद है।

Comments are closed.

Recent Post