रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो, पटना
पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच समेत अन्य माध्यमों से छानबीन कर रही है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। नवादा जिला के हिसुआ बाजार में मंगलवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक प्रोफेसर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान हिसुआ थाना क्षेत्र के पांचो मोहल्ला निवासी करीब 40 वर्षीय अरविंद कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अरविंद कुमार महिला कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को अरविंद कुमार अपने घर से दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हिसुआ-राजगीर रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही हिसुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच समेत अन्य माध्यमों से छानबीन कर रही है। अरविंद कुमार अपने परिवार के सबसे छोटे पुत्र बताए जा रहे हैं। वह कामकाज कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में मातम पसरा है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि नवादा जिले में एक सप्ताह के भीतर अज्ञात वाहनों की चपेट में आने से तीन लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने यातायात व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।








