संकलन : उप-संपादक, छपरा
थानाध्यक्ष रामबालक यादव ने बताया कि कांड संख्या 22/2021 में तत्कालीन भारतीय दंड संहिता की धारा 366/34 के तहत मामला दर्ज किया गया था
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा, (सारण)। एकमा थाना पुलिस ने लगभग पांच साल पुराने अपहरण कांड के नामजद आरोपी को सिवान जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जीबीनगर थाना क्षेत्र के शेख मुहल्ला निवासी मुन्ना मियां के पुत्र सालिम मियां के रूप में हुई है। यह कार्रवाई एकमा थाना कांड संख्या 22/2021 में दर्ज मामले के तहत की गई। थानाध्यक्ष रामबालक यादव ने बताया कि कांड संख्या 22/2021 में तत्कालीन भारतीय दंड संहिता की धारा 366/34 के तहत मामला दर्ज किया गया था। पारसागढ़ के एक टोला से शादी की नीयत से एक युवती के अपहरण के आरोप में उसकी मां ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर एसआई जावेद आलम ने पुलिस बल के साथ सिवान जिले के जीबीनगर थाना क्षेत्र में छापेमारी की। स्थानीय पुलिस के सहयोग से पुलिस टीम ने नामजद आरोपी सालिम मियां को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे एकमा थाना लाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। आरोपी को छपरा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।








