AMIT LEKH

Post: गया में महिला सिपाही से शादी का झांसा देकर यौन शोषण

गया में महिला सिपाही से शादी का झांसा देकर यौन शोषण

रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो, पटना

आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लाखों की वसूली, मचा हड़कंप

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र की रहने वाली और बेगूसराय जिला पुलिस बल में तैनात एक महिला सिपाही से कथित यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने परिचित शिक्षक पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने और बाद में आपत्तिजनक वीडियो व तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। महिला सिपाही की शिकायत पर महिला थाने में आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी शिक्षक से उसकी पहले से जान-पहचान थी। इसी दौरान शिक्षक ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि शादी का झांसा देकर उसने महिला सिपाही के साथ यौन संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि बाद में आरोपी ने कथित तौर पर उसके आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरों का इस्तेमाल कर उसे डराना शुरू कर दिया। वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उस पर लगातार दबाव बनाया गया। महिला सिपाही ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि आरोपी शिक्षक ने आपत्तिजनक सामग्री सार्वजनिक करने की धमकी देकर उससे लाखों रुपये की रकम वसूल ली। कथित ब्लैकमेलिंग का सिलसिला लगातार जारी रहने से परेशान होकर पीड़िता ने आखिरकार पुलिस का दरवाजा खटखटाया।महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच के दौरान पुलिस आरोपी और पीड़िता के बीच हुई बातचीत, कथित वीडियो और तस्वीरों के साथ-साथ पैसों के लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों को भी खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित तौर पर कितनी रकम ली गई और ब्लैकमेलिंग किस तरीके से की गई महिला थानाध्यक्ष रूपा कुमारी ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल चेकअप, बयान और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल आरोपी शिक्षक पर लगाए गए आरोप पीड़िता के बयान और दर्ज प्राथमिकी पर आधारित हैं। पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आएगी।

Comments are closed.

Recent Post