रिपोर्ट : इंडो-नेपाल बॉर्डर से हमारे न्यूज़ ब्यूरो
देशभक्ति नारों से गूंज उठा पूरा क्षेत्र
प्रधानमंत्री के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर विभिन्न विद्यालयों द्वारा प्रभात फेरी एवं तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों को राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के सम्मान के प्रति जागरूक किया जा रहा है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
वाल्मीकिनगर, (संतोष कुमार)। स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे देशभक्ति का उत्साह गांव-गांव और विद्यालयों में देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर विभिन्न विद्यालयों द्वारा प्रभात फेरी एवं तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों को राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के सम्मान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में आज राजकीय बाल विद्या केंद्र मध्य विद्यालय परिवार की ओर से भव्य तिरंगा रैली एवं प्रभात फेरी निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ रैली में भाग लिया। इस दौरान लगाए गए देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” के जयघोष से वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया। रैली के माध्यम से विद्यालय परिवार ने समाज के सभी वर्गों एवं आम जनमानस को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक किया। रैली की खास बात यह रही कि विद्यालय की प्रधानाचार्य सुनीता मैम ने पूरे उत्साह के साथ रैली का नेतृत्व करते हुए स्वयं देशभक्ति के नारे लगाए, जिन्हें बच्चों ने जोश और उत्साह के साथ दोहराया। इससे बच्चों में भी राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति सम्मान की भावना और मजबूत होती दिखाई दी। इस अवसर पर विद्यालय के सम्मानित शिक्षक राजकुमार सर, शोएब सर, मनोज सर, वारिश सर, सुनीता मैम, बच्चा सर, उदय सर सहित अन्य शिक्षकगण ने रैली को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते नन्हे-मुन्ने बच्चों की यह रैली क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। विद्यालय परिवार का यह प्रयास स्वतंत्रता दिवस से पहले समाज में देशभक्ति, एकता और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश देने वाला रहा।








