संकलन : उप-संपादक, छपरा
एकमा सीएचसी में कराया गया भर्ती
बताया जा रहा है कि यात्री के बेहोश होने का कारण जहरीला पदार्थ सेवन करने, स्वास्थ्य संबंधी परेशानी अथवा अधिक गर्मी के कारण यात्रा के दौरान तबीयत बिगड़ना हो सकता है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख, संवाददाता
एकमा, (सारण)। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल अंतर्गत छपरा-सिवान रेलखंड पर स्थित एकमा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की सुबह ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस ट्रेन से एक यात्री को अचेत अवस्था में उतारा गया। यात्री के अचेत मिलने की सूचना पर स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात आरपीएफ एवं जीआरपी के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एकमा में भर्ती कराया।
ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकीय कर्मियों ने यात्री का प्राथमिक उपचार किया। यात्री की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। रेलवे पुलिस यात्री की पहचान सुनिश्चित करने के लिए प्रयास कर रही है। बताया जा रहा है कि यात्री के बेहोश होने का कारण जहरीला पदार्थ सेवन करने, स्वास्थ्य संबंधी परेशानी अथवा अधिक गर्मी के कारण यात्रा के दौरान तबीयत बिगड़ना हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। यात्री के होश में आने के बाद ही बेहोशी के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अचेत अवस्था में मिले यात्री के उत्तर प्रदेश के भटनी क्षेत्र का निवासी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, रेलवे पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। यात्री के परिजनों के अस्पताल पहुंचने अथवा उसके होश में आने के बाद ही उसकी वास्तविक पहचान स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस द्वारा यात्री के होश में आने और पहचान संबंधी जानकारी मिलने का इंतजार किया जा रहा है।








