रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, ए.एल.न्यूज़
बुलडोजर राज के खिलाफ दलित गरीबों के वास आवास आंदोलन का दूसरा चरण जल्द शुरू होगा- 20 लाख दलित गरीबों को सदस्य बनायेगा खेग्रामस
ग्रामजी कानून के तहत ग्रामीण गरीबों को रोजगार दो! बढ़ती मंहगाई के मद्देनजर चीनी, प्याज, दाल और तेल गरीबों को जन वितरण के तहत सस्ते दामों पर उपलब्ध करो!
गांव पंचायतों और प्रखण्डों में दलित गरीब अधिकार सम्मेलन होगा
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा ( खेग्रामस) की राज्य कार्यकारिणी की बैठक नरकटियागंज में हो रही है। बैठक में राज्यभर के ग्रामीण मजदूरों के नेता भाग ले रहे हैं। बैठक की अध्यक्षता संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उपेंद्र पासवान और संचालन राज्य सचिव शत्रुघ्न सहनी कर रहे हैं। बैठक में पूर्व सांसद रामेश्वर प्रसाद, पूर्व विधायक सत्यदेव राम, गोपाल रविदास, पूर्व विधायक बिरेंद्र गुप्ता आदि भाग ले रहे हैं।

संगठन के सम्मानित राज्य अध्यक्ष कामरेड बीरेंद्र गुप्ता की देखरेख में हो रही बैठक में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव धीरेंद्र झा और राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यदेव राम अतिथि के बतौर आये हैं। इस मौके पर जारी बयान में माले पोलित ब्यूरो सदस्य सह खेग्रामस के राष्ट्रीय महासचिव धीरेंद्र झा ने कहा कि देश के छात्र नौजवानों खासकर जेन जी और जेन अल्फा का शिक्षा, परीक्षा और रोजगार का आंदोलन देश को नई रौशनी दे रहा है। तानाशाह सरकार को इस आंदोलन ने झुका दिया है। सुधारो शिक्षा- स्कूल ठीक करो आंदोलन में ग्रामीण गरीबों का संगठन- खेग्रामस पूरी मजबूती से भाग लेगा और पटना में आयोजित विराट सम्मेलन में हिस्सेदार बनेगा। आगे उन्होंने कहा कि बुलडोजर राज के खिलाफ दलित गरीबों के बढ़ते आंदोलन ने सरकार को डरा दिया है। माले-खेग्रामस में गरीबों की बढ़ती गोलबंदी ने सरकार को बासगीत पर्चा देने को बाध्य किया है। खेग्रामस के 13-14 अगस्त के अनशन/सत्याग्रह के बाद राज्य में 30 हजार गरीबों को पर्चा मिला है। सबों को जमीन- सबों को पक्का घर मुहिम तेज होगी और लड़कर जो जहाँ बसे हैं पर्चा दिलाया जायेगा। खेग्रामस के राज्य सम्मानित अध्यक्षत बीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि आसमान छूती महंगाई ने गरीबों का जीना दुभर कर दिया है। नमक, तेल और प्याज पर संकट है। त्योहार के मौसम में चीनी के दाम में बड़ा उछाल समझ से पड़े है! उन्होंने कहा कि नमक, तेल, प्याज, दाल और चीनी गरीबों को रियायती दर पर कोटा के जरिये दिया जाना चाहिए! राज्य के सचिव शत्रुघ्न सहनी ने कहा कि ग्रामजी कानून के तहत गरीबों को काम, उचित दाम और समय पर भुगतान को लेकर मुहिम तेज होगी। पूर्व विधायक गोपाल रविदास ने कहा कि दलित वंचितों पर हाल के दिनों में हमले बढ़े हैं। मजदूरी मांगने पर मारपीट और दुष्कर्म जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। पूर्व सांसद और खेग्रामस के राष्ट्रीय संरक्षक रामेश्वर प्रसाद ने कहा कि छात्र नौजवानों के साथ मजदूर किसानों का आंदोलन तेज होगा।








