रिपोर्ट : पटना डेस्क, विशेष ब्यूरो
भीषण आग के साथ उठते धुएं के गुबार को देखकर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (विशेष ब्यूरो)। रोहतास जिला के सासाराम स्थित अकोढ़ीगोला में एक इलेक्ट्रिक स्कूटी के गोदाम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस अग्निकांड में गोदाम के भीतर रखी लगभग 85 नई इलेक्ट्रिक स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह हादसा बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ, जिसने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि गोदाम में रखी 200 से ज्यादा इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरियां और भारी मात्रा में स्पेयर पार्ट्स जलकर पूरी तरह बर्बाद हो गए। भीषण आग के साथ उठते धुएं के गुबार को देखकर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों को आग पर पूरी तरह काबू पाने में कई घंटों की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग को आसपास के अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रतिष्ठान के मालिक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गोदाम में नई गाड़ियों का नया स्टॉक, बैटरियां और अन्य महंगे उपकरण रखे हुए थे। अचानक हुई शॉर्ट सर्किट से आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को सामान सुरक्षित बाहर निकालने का मौका ही नहीं मिला। उन्होंने इस दुर्घटना में लगभग 80 लाख रुपये के बड़े वित्तीय नुकसान का दावा किया है। घटना की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों और इससे हुए कुल नुकसान का आधिकारिक आकलन करने में जुट गई है। पीड़ित व्यवसायी ने स्थानीय प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।








