रिपोर्ट : उप-संपादक, छपरा डेस्क
राखी बांधकर बहनों ने भाईयों की लंबी आयु की कामना की, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख, संवाददाता
एकमा, (सारण)। नगर पंचायत एकमा बाजार सहित पूरे एकमा प्रखंड क्षेत्र व आसपास के गांवों में सावन पूर्णिमा के अवसर पर भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार शुक्रवार को पारंपरिक श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया।

सुबह से ही घरों में त्योहार को लेकर चहल-पहल रही। बहनों ने भाईयों की कलाई पर रक्षा सूत्र रूपी राखी बांधी, माथे पर तिलक लगाया और आरती उतारकर मिठाई खिलाई। इस दौरान बहनों ने भाईयों की सुख-समृद्धि और लंबी आयु की कामना की। वहीं, भाईयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर सदैव उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया।

नगर पंचायत एकमा बाजार के अलावा हंसराजपुर, राजापुर, आमडाढ़ी, पांडेय छपरा, परसागढ़, विशुनपुरा कला, देवपुरा, रसूलपुर, टेसुआर, नचाप, भजौना, नवादा, खानपुर, हरपुर, छित्रवलिया, फुचटी कला, बढ़ेयां, रामपुर विंदालाल, अतरसन, घुरापाली, असहनी, लाकठ छपरा, माधोपुर, चनचौरा सहित विभिन्न गांवों में रक्षाबंधन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। दूर-दराज में रहने वाले भाई-बहन भी एक-दूसरे के घर पहुंचे और राखी के इस पवित्र त्योहार को पूरे पारिवारिक माहौल में मनाया।
शिवालयों व मंदिरों में भी उमड़ी भीड़ :
श्रावण मास की पूर्णिमा के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों और देवी-देवताओं के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रखंड मुख्यालय स्थित शिव मंदिर के अलावा नवादा, विशुनपुरा कला, रसूलपुर, परसागढ़, नचाप, मौज बाबा के मठिया सहित विभिन्न गांवों के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की।

वहीं, हंसराजपुर व नचाप स्थित राम-जानकी मंदिर, जड़ती माता मंदिर, काली माता मंदिर एकमा-भट्टटोली, काली माता मंदिर हंसराजपुर तथा भोरहोपुर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना व धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला चलता रहा। पूरे क्षेत्र में रक्षाबंधन और सावन पूर्णिमा के अवसर पर धार्मिक आस्था के साथ भाई-बहन के प्रेम और पारिवारिक सौहार्द का माहौल बना रहा।








