रिपोर्ट : उप-संपादक, बांका डेस्क
घटना के बाद किसान खेत में ही झुलसकर मूर्क्षित हो गए, खेत में काम कर रहे अन्य किसानों ने घटना की सूचना परिजनों को दिया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
शंभूगंज/बांका, (एक संवाददाता)। थाना क्षेत्र के पड़रिया पंचायत स्थित पड़रिया गांव में बीते शाम गुरुवार को विद्युत करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक उक्त गांव के अनुपी मंडल का 45 वर्षीय पुत्र दिवाकर मंडल थे। पीड़ित परिजनों ने बताया कि घटना की शाम 5 बजे धान पटवन कार्य कर रहे थे। इस दौरान खेत में बिजली के खुले तार से संपर्क होने पर हाथ में करंट लग गया। घटना के बाद किसान खेत में ही झुलसकर मूर्क्षित हो गए। खेत में काम कर रहे अन्य किसानों ने घटना की सूचना परिजनों को दिया। ग्रामीणों की मदद से परिजनों ने आनन-फानन में नजदीक अस्पताल ले गए। जहां इलाज कर रहे डाक्टर ने जांच कर मृत घोषित कर दिया। परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी मातम पसर गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए सदर अस्पताल बांका भेज दिया। घटना के बाद पत्नी करूणा देवी रो रोकर अचेत हो रही थी। पीड़ित महिला सीएचसी शंभूगंज में आशा कार्यकर्ता हैं। अस्पताल कर्मियों एवं ग्रामीणों ने शोक संवेदना व्यक्त किया। मृतक किसान को दो संतानों में क्रमशः अंकित कुमार (21) एवं रिशभ कुमार (18) इंटरमीडिएट का छात्र है। पीड़ित परिजनों ने बताया कि गांव के अरूण कुमार का खेत कर पापा परिवार चलाते थे। अब किसके भरोसे परिवार चलेगा। अचानक घटना से पीड़ित परिजनों पर दुखों का पहाड़ खड़ा हो गया है। ग्रामीणों द्वारा पीड़ित परिजनों को सांत्वना देने का काम किया जा रहा है। थानाध्यक्ष मोहम्मद आसिफ अख्तर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही है। यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








