रिपोर्ट : उप-संपादक, छपरा डेस्क
प्रधानाध्यापक डॉ. मनोरंजन कुमार मयंक ने कहा कि बच्चों की सफलता में शिक्षक और अभिभावक दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
मांझी, (सारण)। मांझी प्रखंड के जैतपुर गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्टूडेंट ऑफ द मंथ तथा बच्चों की पढ़ाई के प्रति सजग रहने वाले अभिभावकों को पेरेंट्स ऑफ द मंथ के सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थी और अभिभावक उत्साहित दिखे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ अभिभावकों की विद्यालयी गतिविधियों में भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। प्रधानाध्यापक डॉ. मनोरंजन कुमार मयंक ने कहा कि बच्चों की सफलता में शिक्षक और अभिभावक दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ बच्चों में अनुशासन, संस्कार और आत्मविश्वास विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हर माह उत्कृष्ट विद्यार्थी और जागरूक अभिभावक को सम्मानित करने से बच्चों में बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है और अभिभावक भी अपने बच्चों की शिक्षा के प्रति अधिक सजग होते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति और घर पर पढ़ाई की निगरानी करने की अपील की। मौके पर शिक्षिका डॉ. किरण, शिक्षक राजेश रमन चौबे, मोहम्मद इजहार-उल हक सहित अन्य शिक्षक, अभिभावक व विद्यार्थी मौजूद थे।








