रिपोर्ट : उप-संपादक, छपरा डेस्क
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, पटना के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख, संवाददाता
छपरा, (सारण)। जिला पदाधिकारी, सारण वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शनिवार को नारकोटिक्स एवं नशा विरोधी अभियान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, पटना के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। बैठक में डीएम ने मादक पदार्थों की सप्लाई चेन की पहचान कर प्रभावी कार्रवाई करने, संभावित हॉटस्पॉट एवं डार्क एरिया को चिह्नित करने तथा संवेदनशील स्थानों, विशेषकर रेल मार्गों पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्कूलों में आयोजित साइबर मंगलवार, जीविका समूहों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के माध्यम से व्यापक नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। साथ ही दवा दुकानों एवं ड्रग स्टोरों की नियमित जांच करने तथा प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। बैठक में सदर अस्पताल परिसर में नशा मुक्ति केंद्र के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने और वहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा की गई। डीएम ने सभी संबंधित विभागों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नशे की सप्लाई चेन को बाधित करने, हॉटस्पॉट पर निगरानी बढ़ाने और विशेष रूप से युवाओं के बीच नशे के दुष्प्रभावों को लेकर व्यापक जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया।








