रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो, पटना डेस्क
बगहा में शनिवार सुबह चंपारण हमसफर एक्सप्रेस से अचानक धुआं निकलने लगा
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (विशेष ब्यूरो)। पश्चिम चंपारण के बगहा में शनिवार सुबह चंपारण हमसफर एक्सप्रेस से अचानक धुआं निकलने लगा। ट्रेन में आग लगने की आशंका से यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई. ट्रेन को बगहा रेलवे स्टेशन के पास गेट नंबर-49 पर कुछ देर के लिए रोका गया । जांच के दौरान धुआं ट्रेन के जनरेटर से निकलने की बात सामने आई, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से बिहार के कटिहार जा रही चंपारण हमसफर एक्सप्रेस शनिवार सुबह करीब 10 बजे बगहा रेलवे स्टेशन के पास पहुंची थी। इसी दौरान ट्रेन से अचानक काफी मात्रा में धुआं निकलने लगा। धुआं देखकर यात्रियों को ट्रेन में आग लगने की आशंका हुई और लोग घबरा गए। धुआं निकलता देख ट्रेन को बगहा रेलवे स्टेशन के समीप गेट नंबर-49 पर रोक दिया गया। ट्रेन के रुकते ही यात्रियों और रेलवे गुमटी के आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई । ट्रेन से निकलते धुएं का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन के चालक और रेल कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच की। जांच में पता चला कि ट्रेन के जनरेटर से धुआं निकल रहा था। जनरेटर कक्ष इंजन के पास स्थित था, जिसकी वजह से धुआं देखकर यात्रियों को आग लगने की आशंका हुई। रेलवे कर्मियों ने जनरेटर की स्थिति की जांच की और यात्रियों को पूरी जानकारी दी। जांच के दौरान ट्रेन में आग लगने की बात सामने नहीं आई। स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। बगहा रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि जनरेटर से अधिक मात्रा में धुआं निकल रहा था। धुआं देखकर यात्रियों के बीच आग लगने की चर्चा शुरू हो गई, जिससे लोग पैनिक हो गए। ट्रेन की जांच के बाद यात्रियों को स्थिति की जानकारी दी गई और ट्रेन को आगे रवाना कर दिया गया. उन्होंने बताया कि ट्रेन करीब पांच मिनट तक गेट नंबर-49 पर रुकी रही।








