AMIT LEKH

Post: जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के आंकड़ा अपलोडिंग का काम पूरा

जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के आंकड़ा अपलोडिंग का काम पूरा

रिपोर्ट : उप-संपादक, छपरा डेस्क

जनगणना निदेशालय के सहायक निदेशक ने एकमा व मांझी में की समीक्षा, डेटा की शुद्धता व प्रमाणिकता जांच के निर्देश

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख
छपरा/एकमा/मांझी, (सारण)। भारत की जनगणना 2027 के तहत तैयार की जा रही जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (डीसीएचबी) के आंकड़ा अपलोडिंग का कार्य निर्धारित समय-सीमा से एक दिन पहले पूरा कर लिया गया।

फोटो : अमिट लेख

जिला पदाधिकारी सह जिला जनगणना अधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर जिले के 1735 राजस्व ग्रामों का डेटा 588 फील्ड फंक्शनरीज ने मोबाइल ऐप के माध्यम से पोर्टल पर सबमिट किया। यह कार्य जिले के कुल 30 शहरी एवं ग्रामीण चार्ज के अंतर्गत पूरा किया गया है।

अब आंकड़ों की शुद्धता और प्रमाणिकता की जांच :

आंकड़ों की शुद्धता, प्रमाणिकता और गुणवत्ता की जांच का कार्य अब चार्ज अधिकारी स्तर पर शुरू किया गया है। इसी क्रम में जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार के सहायक निदेशक अंगद सिंह ने रविवार को सारण जिले का दौरा कर अपलोड किए गए आंकड़ों की समीक्षा की।

छाया : अमिट लेख

उन्होंने एकमा बाजार नगर पंचायत, एकमा प्रखंड और मांझी नगर पंचायत चार्ज का निरीक्षण कर राजस्व ग्रामवार संकलित आंकड़ों के फाइनल सबमिशन की स्थिति देखी। सहायक निदेशक ने आंकड़ों के स्रोत की जांच करने के साथ वास्तविक आंकड़ों और पोर्टल पर अपलोड किए गए आंकड़ों का मिलान करने का निर्देश दिया।

क्रॉस चेकिंग के बाद ही करें अप्रूव :

अंगद सिंह ने चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र पदाधिकारियों द्वारा पोर्टल पर अपलोड किए गए प्रत्येक आंकड़े की क्रॉस चेकिंग कर उसकी प्रमाणिकता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच से संतुष्ट हुए बिना किसी भी डेटा को अंतिम रूप से अप्रूव नहीं किया जाए। उन्होंने बताया कि पहले चरण में चार्ज अधिकारी ग्रामवार डेटा को वर्ष 2011 के आंकड़ों से अंतर के आधार पर फिल्टर करेंगे। इसके बाद विभिन्न विभागों से प्राप्त आंकड़ों और पोर्टल पर अपलोड डेटा का मिलान किया जाएगा।

छाया : अमिट लेख

दूसरे चरण में सभी अंतर एक साथ चिन्हित कर फील्ड फंक्शनरीज को रिवर्ट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रिवर्ट की प्रक्रिया केवल एक बार की जा सकती है। इसके बाद डेटा सीधे सर्वर पर चला जाएगा। इसलिए इस कार्य में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि डीसीएचबी के आंकड़े भविष्य की योजनाओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण आधार होंगे। ऐसे में आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चार्ज अधिकारियों को अंतिम अप्रूवल के संबंध में निदेशालय के निर्देश का इंतजार करने को कहा।

डेटा जांच के बाद ही मैप पर होगी मार्किंग :

डीसीओ सह जिला नोडल पदाधिकारी अदिति आनंद और सहयोगी पदाधिकारी आयुषी सिंह ने प्रत्येक चार्ज को दिल्ली से प्राप्त वर्किंग मैप पर स्थानीय जनसुविधाओं की इंडेक्स नंबरिंग के माध्यम से स्थलीय मार्किंग कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मैप पर मार्किंग का कार्य ग्राम एवं नगर निर्देशिका के डेटा की जांच के बाद ही किया जाए, ताकि त्रुटि की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।
अधिकारियों ने कहा कि सारण के डीसीएचबी को शून्य त्रुटि के साथ आदर्श और उदाहरण के रूप में तैयार करने का लक्ष्य है। मौके पर एकमा बीडीओ डॉ. अरुण कुमार, नगर पंचायत एकमा बाजार के ईओ रमन राज व मांझी नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल राज सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Recent Post