रिपोर्ट : विशेष ब्यूरो, पटना डेस्क
एक भाई ने मामूली जमीनी विवाद और शराब पीने से मना करने से नाराज होकर अपने ही सहोदर भाई की धारदार चाकू से गर्दन रेतकर निर्मम हत्या कर दी
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
मोतिहारी, (विशेष ब्यूरो)। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जानपुल चौक इलाके में देर रात भाई-भाई का रिश्ता शर्मसार हो गया। जहाँ एक भाई ने मामूली जमीनी विवाद और शराब पीने से मना करने से नाराज होकर अपने ही सहोदर भाई की धारदार चाकू से गर्दन रेतकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान जानपुल चौक निवासी अनुराग गुप्ता के रूप में हुई है, जिसकी हत्या उसके सगे भाई अजीत गुप्ता ने की है। परिजनों व स्थानीय लोगों के अनुसार, अनुराग गुप्ता अपने भाई अजीत को शराब पीने से मना करता था और बुरी लत छोड़ने की सलाह देता था। इसके अलावा दोनों भाइयों के बीच पैतृक जमीन को लेकर भी विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर बीते कल देर रात दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आक्रोशित होकर अजीत ने धारदार चाकू से अनुराग की गर्दन रेत दी और घर से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक (FSL) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले में स्थानीय वार्ड पार्षद चंदन जायसवाल ने बताया कि “मृतक तीन भाई हैं, जिनमें से एक भाई ने शराब पीने के विवाद और जमीनी रंजिश में दूसरे भाई की गर्दन रेतकर हत्या कर दी है।” पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है।








