AMIT LEKH

Post: खेल महोत्सव का तीसरा दिन: योगासन से खिलाड़ियों ने साधा शरीर, मन और एकाग्रता का संतुलन

खेल महोत्सव का तीसरा दिन: योगासन से खिलाड़ियों ने साधा शरीर, मन और एकाग्रता का संतुलन

रिपोर्ट : उप-संपादक, बेतिया डेस्क

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण योग स्पोर्ट्स एकेडमी, बेतिया के बच्चों द्वारा प्रस्तुत कठिन एवं आकर्षक योगासनों तथा आर्टिस्टिक पेयर एवं रिदमिक पेयर योगासन का प्रदर्शन रहा

खिलाड़ियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के तहत चल रहे खेल महोत्सव के तीसरे दिन जिला खेल भवन सह व्यायामशाला भवन, बेतिया में खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों के लिए योगासन, ध्यान एवं शारीरिक फिटनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

फोटो : मोहन सिंह

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, खेल विभाग के प्रशिक्षकों एवं कर्मियों तथा अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में योगासन का अभ्यास राष्ट्रीय योगासन जज सह योग प्रशिक्षक पवन कुमार एवं विश्व योगासन चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता सारांश कुमार के निर्देशन में किया गया । प्रतिभागियों ने वृक्षासन, ताड़ासन, भस्त्रिका, कपालभांति, नाड़ी-शोधन प्राणायाम, कैलाशासन, भुजंगासन सहित विभिन्न योगाभ्यास किए। इस अवसर पर योग प्रशिक्षक पवन कुमार ने कहा कि योगासन केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि प्रत्येक खिलाड़ी की खेल क्षमता को मजबूत करने वाली आधारभूत विधा है। इसे अन्य खेलों की जननी कहना इसलिए सार्थक है, क्योंकि लगभग हर खेल में आवश्यक शारीरिक संतुलन, लचीलापन, शक्ति, एकाग्रता, श्वसन नियंत्रण और मानसिक स्थिरता को योगासन के माध्यम से विकसित किया जा सकता है।

छाया : अमिट लेख

प्रतियोगिता के मैदान में केवल शारीरिक ताकत से सफलता प्राप्त नहीं होती, बल्कि दबाव की स्थिति में सही निर्णय लेने, आत्मविश्वास बनाए रखने, एकाग्रचित्त होकर प्रदर्शन करने और अपनी ऊर्जा का सही उपयोग करने की क्षमता भी आवश्यक होती है। नियमित योगाभ्यास खिलाड़ियों के शरीर के साथ-साथ उनकी जागरूकता और आत्मविश्वास को विकसित करता है, जिससे वे किसी भी खेल और जीवन के अन्य क्षेत्रों में अधिक कुशलता एवं सजगता के साथ कार्य कर सकते हैं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण योग स्पोर्ट्स एकेडमी, बेतिया के बच्चों द्वारा प्रस्तुत कठिन एवं आकर्षक योगासनों तथा आर्टिस्टिक पेयर एवं रिदमिक पेयर योगासन का प्रदर्शन रहा। खिलाड़ियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिक्षक अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि पश्चिम चंपारण के लिए यह गौरव का विषय है कि योगासन के क्षेत्र में यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं और जिले के पास विश्व चैंपियन खिलाड़ी भी हैं। खेल महोत्सव के इस अवसर पर योग प्रशिक्षक पवन कुमार, अमरेंद्र कुमार सिंह – कार्यपालक सहायक, अजय कुमार मिश्रा, संजय श्रीवास्तव- शारीरिक शिक्षक, प्रतीक सिंह, मंजरी कश्यप आशीष वर्मा, शिक्षक एवं अन्य कर्मी तथा गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Recent Post