संकलन : उप-संपादक, छपरा डेस्क
प्रखंड परियोजना प्रबंधक आमोद कुमार शर्मा ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अधिकार सीएलएफ ने बेहतर वित्तीय अनुशासन, समय पर ऋण वापसी और नियमित बचत के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख, संवाददाता
छपरा, (सारण)। जिले के पानापुर प्रखंड परियोजना क्रियान्वयन इकाई जीविका, पानापुर के संपोषण में संचालित अधिकार जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति (सीएलएफ) की वार्षिक आमसभा बुधवार को सीएलएफ सभागार में उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएलएफ अध्यक्ष पार्वती देवी ने की। अध्यक्ष सहित निदेशक मंडल के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर आमसभा का उद्घाटन किया। आमसभा में संकुल संघ से जुड़े विभिन्न ग्राम संगठनों एवं स्वयं सहायता समूहों की सैकड़ों जीविका दीदियों, सामुदायिक कैडरों और परियोजना कर्मियों ने भाग लिया।

सीएलएफ सचिव मिनता देवी ने विगत वर्ष की उपलब्धियों एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा प्रस्तुत की। उन्होंने सीएलएफ की वार्षिक कार्यप्रणाली, आय-व्यय का ब्योरा और वित्तीय प्रगति रिपोर्ट सदस्यों के समक्ष रखी। सभा को संबोधित करते हुए प्रखंड परियोजना प्रबंधक आमोद कुमार शर्मा ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अधिकार सीएलएफ ने बेहतर वित्तीय अनुशासन, समय पर ऋण वापसी और नियमित बचत के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। जीविका दीदियों ने बैंक लिंकेज एवं सीएलएफ ऋण के माध्यम से लघु उद्यम, कृषि और पशुपालन जैसी विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर पारिवारिक आय में वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियां अब केवल बचत और ऋण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण की मजबूत आधारशिला बन चुकी हैं। उनकी एकजुटता, मेहनत और अनुशासन संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। जीविका दीदियों ने अपनी मेहनत से समाज में अलग पहचान बनाई है और विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। आमसभा में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना एवं प्राथमिकताओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इसमें प्रत्येक जरूरतमंद दीदी को आजीविका से जोड़ना, समूहों एवं ग्राम संगठनों के लेन-देन को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर समयबद्ध रूप से संधारित करना तथा स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, सामाजिक सुरक्षा, सरकारी बीमा और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत परिवारों तक पहुंचाना प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहा। कार्यक्रम के अंत में बेहतर कार्य करने वाले ग्राम संगठनों और सक्रिय सामुदायिक कैडरों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। संकुल संघ की सचिव ने उपस्थित अतिथियों, जीविका दीदियों एवं परियोजना कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद सभा का समापन हुआ। सभा को रघुवेंद्र कुमार, अंजू कुमारी, अभिषेक कुमार, विजय कुमार, चुनमुन देवी, संगीता देवी, रीता गोस्वामी, निर्मला देवी एवं सुषमा कुमारी ने भी संबोधित किया। इसकी जानकारी जीविका कार्यालय, सारण से दीपक कुमार ने दी है।








