AMIT LEKH

Post: चनपटिया स्टेशन पर 10 प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग

चनपटिया स्टेशन पर 10 प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क

विधायक अभिषेक रंजन ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। चनपटिया रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों की रफ्तार अब यात्रियों के लिए परेशानी का सबब नहीं बने, इसके लिए विधायक अभिषेक रंजन ने रेल मंत्रालय के सामने क्षेत्र की आवाज मजबूती से उठाई है। चनपटिया स्टेशन पर महत्वपूर्ण लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की लंबे समय से चली आ रही जरूरत को देखते हुए विधायक ने केंद्रीय रेल मंत्री तथा पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को पत्र लिखकर 10 प्रमुख ट्रेनों का ठहराव चनपटिया स्टेशन पर सुनिश्चित करने की मांग की है।

यदि इन ट्रेनों का ठहराव मिलता है तो चनपटिया समेत आसपास के हजारों यात्रियों को सीधे तौर पर बड़ी राहत मिलेगी। विधायक ने अपने पत्र में कहा कि चनपटिया रेलवे स्टेशन चनपटिया विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण एवं निकटतम रेलवे स्टेशन है। यहां से प्रतिदिन हजारों यात्री आवागमन करते हैं। इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को दूसरे स्टेशनों पर जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है। उन्होंने 15051 पूर्वांचल एक्सप्रेस, 22551 जालंधर सिटी अंत्योदय एक्सप्रेस, 15655 श्री माता वैष्णो देवी एक्सप्रेस, 15705 चंपारण हमसफर एक्सप्रेस, 15001 देहरादून राप्ती गंगा एक्सप्रेस, 12211 आनंद विहार टर्मिनल गरीब रथ एक्सप्रेस, 19270 पोरबंदर एक्सप्रेस, 26501 गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, 15529 आनंद विहार टर्मिनल जनसाधारण एक्सप्रेस, 14011 आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव चनपटिया स्टेशन पर देने की मांग की है। विधायक ने कहा कि इन ट्रेनों का ठहराव मिलने से चनपटिया समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही चनपटिया स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से रेलवे को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होने की भी संभावना है। उन्होंने कहा कि लौरिया विधानसभा क्षेत्र के यात्रियों के लिए भी चनपटिया रेलवे स्टेशन एक महत्वपूर्ण और सुविधाजनक स्टेशन है। ऐसे में यहां प्रमुख ट्रेनों के ठहराव से लौरिया सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा। विधायक ने जनहित में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए इन ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

Leave a Reply

Recent Post