AMIT LEKH

Post: गयाजी में ‘शोले’ स्टाइल में हाई-वोल्टेज ड्रामा, प्रेमिका के शादी से इनकार पर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक

गयाजी में ‘शोले’ स्टाइल में हाई-वोल्टेज ड्रामा, प्रेमिका के शादी से इनकार पर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक

रिपोर्ट : पटना डेस्क

हां करने के बाद नीचे उतरा

जानकारी के मुताबिक, टावर पर चढ़ा युवक अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की शादी से इनकार कर रही थी

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख
पटना, (विशेष ब्यूरो)। बिहार के गया जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां बोधगया थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवक ‘शोले’ फिल्म के वीरू के अंदाज में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते वहां स्थानीय लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। प्रशासन और स्थानीय लोगों ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था। जानकारी के मुताबिक, टावर पर चढ़ा युवक अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की शादी से इनकार कर रही थी।

इसी बात से नाराज होकर प्रेमी युवक टावर पर चढ़कर हाई-वोल्टेज ड्रामा करने लगा। जब यह खबर लड़की तक पहुंची और उसने काफी मशक्कत के बाद शादी के लिए अपनी सहमति दी, तब जाकर युवक शांत हुआ और टावर से नीचे उतरा। युवक की पहचान पचहथूर गांव निवासी इकबाल अहमद के 24 वर्षीय पुत्र मेराज अहमद के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मेराज का संबंधित युवती के साथ पिछले दो-तीन सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवारों की असहमति और हालिया खींचतान के कारण मामला अटक गया था, जिसके बाद युवक ने यह खतरनाक कदम उठा लिया। युवक के सकुशल टावर से नीचे उतरने के बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के कारण घंटों तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल पुलिस ने युवक को सुरक्षित हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Reply

Recent Post