रिपोर्ट : पटना डेस्क
बांका में इलाज के दौरान सरफराज ने दम तोड़ दिया, वहीं, शुक्रवार सुबह जब परिजनों ने मासूम सुफियान को जगाने की कोशिश की तो वह भी मृत मिला
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (विशेष ब्यूरो)। बांका जिले के धोरैया थाना क्षेत्र के चलना पंचायत स्थित इस्लामपुर गांव में जहरीले सांप के डंसने से पिता और दो वर्षीय मासूम पुत्र की मौत हो गई। एक ही रात हुई इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक इस्लामपुर निवासी 25 वर्षीय सरफराज अंसारी गुरुवार देर रात अपने दो वर्षीय बेटे सुफियान के साथ घर में जमीन पर सो रहे थे। इसी दौरान जहरीले सांप ने दोनों को डंस लिया। सर्पदंश के बाद सरफराज की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल धोरैया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए बांका रेफर कर दिया। बांका में इलाज के दौरान सरफराज ने दम तोड़ दिया। वहीं, शुक्रवार सुबह जब परिजनों ने मासूम सुफियान को जगाने की कोशिश की तो वह भी मृत मिला। बताया गया कि देर रात परिवार के लोगों ने सांप को मार दिया था। एक साथ पिता-पुत्र की मौत की खबर फैलते ही गांव में सन्नाटा छा गया। ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता आसिफ अली के अनुसार सरफराज का पैतृक घर बाराहाट थाना क्षेत्र के चिलमिल गांव में है, लेकिन वह अपनी ससुराल इस्लामपुर में रहकर परिवार का भरण-पोषण करता था। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। सरफराज की पत्नी आईसा का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बेटे और पति को खोने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद ग्रामीणों में भी शोक और दहशत का माहौल है।








