AMIT LEKH

Post: चनपटिया विधायक ने किया अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण

चनपटिया विधायक ने किया अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 23 सितम्बर 26

निरीक्षण के दौरान कुछ चिकित्सक एवं कर्मचारी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर अनुपस्थित पाए गए

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। मझौलिया प्रखंड के हरपुर गढ़वा पंचायत में ग्रामीणों की ओर से अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (APHC) में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बुधवार को चनपटिया विधायक अभिषेक रंजन ने स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया।

र्फोटो : मोहन सिंह

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, दवाइयों की उपलब्धता तथा मरीजों को मिल रही चिकित्सा सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कुछ चिकित्सक एवं कर्मचारी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर अनुपस्थित पाए गए। वहीं, ग्रामीणों ने अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता नहीं होने तथा स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी अन्य समस्याओं की भी जानकारी विधायक को दी।

छाया : अमिट लेख

ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से पूरी स्थिति की जानकारी ली और अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार का निर्देश दिया। विधायक ने संबंधित स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही, ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित स्वास्थ्य केंद्र आम लोगों के लिए प्राथमिक चिकित्सा का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की अनुपस्थिति तथा आवश्यक दवाइयों की कमी जैसी शिकायतें गंभीर विषय हैं। ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल की सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए। साथ ही, स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं होने की स्थिति में संबंधित विभाग के वरीय अधिकारियों को लिखित रूप से अवगत कराते हुए जिम्मेदार कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। विधायक ने स्पष्ट कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीणों की शिकायतों का संज्ञान लेकर स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित निगरानी और व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Recent Post