विशेष रपट : बेतिया डेस्क, 23 सितम्बर 26
“महिला जंगल से करीब 80 से 100 मीटर दूर पर चारा काट रही थी, इसी दौरान जंगल से निकले बाघ ने उसपर हमला कर दिया
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) क्षेत्र में पिछले दो महीनों में बाघ के हमले की यह चौथी जानलेवा घटना है
न्यूज़ डेस्क, ए,एल,न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व क्षेत्र अंतर्गत नौरंगिया थाना क्षेत्र के सिरिसिया गांव में बुधवार सुबह जंगल के किनारे चारा काट रही 37 वर्षीय महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान सिरिसिया निवासी सलमा खातून के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, सलमा मस्जिदिया सरेह में चारा काटने गई थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर वन रेंज के वनकर्मी और नौरंगिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा भेज दिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और वन विभाग से बाघ को पकड़ने के साथ क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की। मदनपुर वन रेंज के रेंजर नसीम अहमद ने बताया, “महिला जंगल से करीब 80 से 100 मीटर दूर पर चारा काट रही थी, इसी दौरान जंगल से निकले बाघ ने उसपर हमला कर दिया।

जिसमें उसकी मौत हो गई। बाघ वापस जंगल की तरफ भाग गया है।” उन्होंने कहा, “अग्रेतर जांच पड़ताल के उपरांत मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।” रेंजर ने लोगों से जंगल के किनारे अकेले नहीं जाने और सतर्कता बरतने की अपील की है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) क्षेत्र में पिछले दो महीनों में बाघ के हमले की यह चौथी जानलेवा घटना है। 30 जुलाई को वाल्मीकिनगर रेंज के बिसाहा गांव निवासी 62 वर्षीय अकलू यादव पर बाघ ने उस समय हमला कर दिया था, जब वह बकरी चरा रहे थे। गंभीर रूप से घायल अकलू की अगले दिन इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके ठीक एक दिन बाद, 31 जुलाई को मदनपुर वन क्षेत्र के नौरंगिया स्थित मिश्रौलिया रेता में खेत में काम कर रही 45 वर्षीय उमरावती देवी पर बाघ ने हमला कर दिया था। बाघ उसे दबोचकर गन्ने के खेत की ओर घसीट ले गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद 15 अगस्त को वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के भेड़ियारी गांव में मवेशियों के लिए चारा लेने गए 40 वर्षीय विजय हालदार पर बाघ ने हमला किया था। हमले में उनकी भी मौत हो गई। ताजा घटना के बाद जंगल की सीमा से सटे गांवों में एक बार फिर दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल के आसपास गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।








