रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 26 सितम्बर 2026
लॉकर तोड़ने में नाकाम रहे चोर, सोना-चांदी के आभूषण बचे; अंधेरे का उठाया फायदा
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख, संवाददाता
एकमा, (सारण)। एकमा थाना क्षेत्र में एकमा-मांझी बरौली पथ पर हंसराजपुर पुराने सीएचसी भवन के समीप स्थित मानसी ज्वेलर्स एवं बर्तन भंडार में शुक्रवार की देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने जैक की मदद से दुकान का शटर ऊपर उठाया और ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद सोना-चांदी के आभूषण रखे लॉकर को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन इसमें सफल नहीं हो सके।

लॉकर नहीं टूटने से उसमें रखे कीमती आभूषण सुरक्षित बच गए।
दुकानदार राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार की शाम दुकान बंद कर वह अपने भाई के साथ घर चले गए थे। देर रात घटना की जानकारी मिलने पर दुकान पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने आलमारी में रखे लॉकर को औजारों से तोड़ने का काफी प्रयास किया था।
दुकानदार के अनुसार, दुकान से कुछ सामान चोरी होने की बात सामने आई है। चोरी गए सामान का आकलन किया जा रहा है। बताया गया कि घटना के दौरान आसपास से राहगीरों की आवाजाही और आहट मिलने पर चोर मौके से फरार हो गए।
बिजली गुल रहने के दौरान हुई वारदात
दुकानदार ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 11 बजे से सुबह तक क्षेत्र में बिजली नहीं थी। आशंका है कि चोरों ने अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद एकमा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।








