AMIT LEKH

Post: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गंडक नदी का किया जायजा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गंडक नदी का किया जायजा

रिपोर्ट : पटना डेस्क, 28 सितम्बर 2026

वाल्मीकिनगर बराज से सोमवार को करीब 5.43 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने की सूचना के बीच प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

पटना/मोतिहारी, (विशेष ब्यूरो)। नेपाल में लगातार हो रही बारिश के बाद गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर ने चम्पारण के तटीय और निचले इलाकों में चिंता बढ़ा दी है। वाल्मीकिनगर बराज से सोमवार को करीब 5.43 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने की सूचना के बीच प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। इसी बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को मोतिहारी पहुंचे और डुमरियाघाट में गंडक नदी की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जलस्तर, तटबंधों और संभावित प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को पूरी रात अलर्ट मोड में रहने और नदी के जलस्तर में किसी भी बदलाव पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। संभावित बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और राहत सामग्री की व्यवस्था पहले से रखने को कहा गया।

राहत-बचाव के लिए प्रशासन अलर्ट :

प्रशासन को विशेष रूप से निचले इलाकों और नदी किनारे बसे गांवों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाढ़ की स्थिति बनने पर भोजन, पेयजल, दवा और राहत शिविरों की व्यवस्था तत्काल शुरू करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। गंडक में बढ़ते जलप्रवाह के बीच अब प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती संभावित प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाने की है। अगले कुछ घंटे नदी के जलस्तर और पानी के बहाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

Comments are closed.

Recent Post