AMIT LEKH

Post: जिले के बाढ़ पीड़ितों की मदद में जुटीं जीविका दीदियां, 5000 राहत पैकेट किए तैयार

जिले के बाढ़ पीड़ितों की मदद में जुटीं जीविका दीदियां, 5000 राहत पैकेट किए तैयार

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 30 सितम्बर 2026

आपदा की घड़ी में सेवा का संकल्प, राहत सामग्री तैयार करने में जुटीं 150 जीविका दीदियां

बाढ़ पीड़ितों तक राहत पहुंचाने में प्रशासन का साथ दे रहीं जीविका दीदियां

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह के निर्देश के आलोक में जिले के विभिन्न प्रखण्डों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने के बाद राहत एवं बचाव कार्यों में जीविका दीदियां भी पूरी तत्परता के साथ जुट गई हैं। जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए जीविका दीदियां बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

फोटो : मोहन सिंह

इस सिलसिले में सदर अनुमंडल के बेतिया टाउन हॉल में करीब 150 जीविका दीदियां सुबह सात बजे से ही राहत सामग्री की पैकेजिंग में जुटी हैं। जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए गए चना, चूड़ा, गुड़ सहित अन्य खाद्य पदार्थों को व्यवस्थित तरीके से पैकेट में तैयार किया जा रहा है। तैयार पैकेट राहत टीम को सौंपे जा रहे हैं, ताकि इन्हें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक समय पर पहुंचाया जा सके। राहत कार्य को लगातार जारी रखने के लिए जीविका दीदियां दो शिफ्टों में सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक अपनी सेवाएं दे रही हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद दीदियां पूरी तत्परता और सेवा भाव के साथ राहत सामग्री की पैकेजिंग में सहयोग कर रही हैं। जीविका के प्रबंधक-स्वास्थ्य पोषण एवं स्वच्छता सतीश कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन के दिशा-निर्देश के अनुसार जीविका दीदियां राहत एवं मानवीय सहायता के कार्य में सहयोग कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में जीविका का सामुदायिक नेटवर्क हमेशा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सक्रिय रहा है।

वर्तमान परिस्थिति में भी दीदियां जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ राहत कार्य में योगदान दे रही हैं। राहत कार्य में समन्वय की जिम्मेदारी संभाल रहीं जीविका प्रखंड परियोजना प्रबंधक अंजली कुमारी एवं युवा पेशेवर आरुषि कुमारी ने बताया कि जीविका दीदियों और जिला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करते हुए अब तक करीब 5000 राहत पैकेट तैयार कराए जा चुके हैं।

छाया : अमिट लेख

प्रशासन के निर्देशानुसार पैकेजिंग का कार्य लगातार जारी है। जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक आर. के. निखिल ने बताया कि आपदा की इस घड़ी में जीविका दीदियों का निःस्वार्थ सहयोग सामुदायिक एकजुटता और मानवीय संवेदना का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि संकट के समय जीविका का सामुदायिक तंत्र जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हमेशा सक्रिय रहता है।

Leave a Reply

Recent Post