![Voice Reader](https://amitlekh.com/wp-content/plugins/magic-post-voice/assets/img/play.png)
![Stop Voice Reader](https://amitlekh.com/wp-content/plugins/magic-post-voice/assets/img/stop.png)
![Pause](https://amitlekh.com/wp-content/plugins/magic-post-voice/assets/img/pause.png)
![Resume](https://amitlekh.com/wp-content/plugins/magic-post-voice/assets/img/play.png)
नारायणपुर थाना क्षेत्र के छपरापुर गांव में शुक्रवार की शाम फांसी लगाकर एक नवविवाहिता की हत्या कर दी गई
✍️ अरुण कुमार झा, अनुमंडल संवाददाता
– अमिट लेख
आरा/भोजपुर। भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के छपरापुर गांव में शुक्रवार की शाम फांसी लगाकर एक नवविवाहिता की हत्या कर दी गई। घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है। वहीं घटना के बाद ससुराल वाले मौके से फरार हो गए हैं। जानकारी के अनुसार मृतका नारायणपुर थाना क्षेत्र के छपरापुर गांव निवासी लवकुश कुमार की 20 वर्षीया पत्नी शिशामुनी देवी है। इधर मृतका के चाचा उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि उनलोगों ने शीशामुनी देवी की शादी वर्ष 2022 में 12 जून को नारायणपुर थाना क्षेत्र के छपरापुर गांव निवासी गोपाल यादव के पुत्र लवकुश कुमार से लेन-देन एवं पूरे हिंदू रीति रिवाज के साथ की थी। शादी के समय उन्होंने उसके ससुराल वालों को बाइक खरीदने के लिए 85 हजार नगद रुपया भी दिया गया था। लेकिन उस समय उन लोगों ने सेकंड हैंड बाइक खरीदी थी। शादी के कुछ दिन बीत जाने के बाद से ही उसके पति और ससुराल वालों द्वारा दोबारा नई बाइक व सोने की चैन की मांग की जाने लगी। जिसको लेकर उनके द्वारा बराबर उनकी भतीजी के साथ मारपीट किया जाता और उसे प्रताड़ित किया जाता था। जिसके कारण वह बीच में भागकर अपने मायके आ गई थी। इसके बाद में मायके वालों ने उसे दोबारा उसके ससुराल भेजा और उसके ससुराल वालों को एक भैंस भी खरीद कर दी थी। इसी बीच शुक्रवार की शाम उन्हें अपने दूर के रिश्तेदार से फोन पर सूचना मिली की उनकी लड़की के साथ ऐसी घटना घट गई है। सूचना पाकर वे लोग मृतका के ससुराल पहुंचे तो उन्होंने देखा कि वह पलंग पर मृत अवस्था में पड़ी है। उसके घर के एक कमरे में पूरा सामान बिखरा पड़ा है व दूसरे कमरे में उसकी अंगूठी और टूटी हुई चूड़ी बिखरी पड़ी है। उसके गले में फांसी के फंदे का निशान एवं जिस्म पर भी मारने पीटने के निशान हैं। वही उसके सभी ससुराल के लोग भी मौके से फरार हो गए हैं। जिसके पश्चात परिजनों ने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। सूचना पाकर नारायणपुर थाना इंचार्ज राकेश कुमार अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। वहीं दूसरी ओर मृतका के चाचा उपेंद्र कुमार सिंह ने मृतका के पति,सास व देवर एवं उसके ससुराल के अन्य लोगों पर दहेज में बाइक पर सोने के चैन नहीं देने के कारण उसकी फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि मृतका के पिता मेघनाथ सिंह की मृत्यु उसकी शादी के कुछ वर्ष पूर्व ही हो गई थी। मृतका अपने दो भाई व दो बहन में तीसरे स्थान पर थी। मृतका के परिवार में मां रजंती कुंवर व दो भाई प्रिंस कुमार, रंजन कुमार एवं एक बहन छोटी कुमारी है। घटना के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृतका की मां रजंती कुंवर एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।