एसएसबी 45वी बटालियन ने वृहत वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों के साथ वृक्षारोपण कर लोगों को पर्यावरण के प्रति शुक्रवार को जागरूक किया
✍️ मिथिलेश कुमार झा, विशेष संवाददाता
– अमिट लेख
वीरपुर, (सुपौल)। एसएसबी 45वी बटालियन ने वृहत वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों के साथ वृक्षारोपण कर लोगों को पर्यावरण के प्रति शुक्रवार को जागरूक किया। उक्त आशय की जानकारी देते हुए कार्यवाहक कमांडेंट रूपेश शर्मा ने बताया कि मानव जीवन में पेड़ पौधों का महत्व अत्यधिक है। आजकल की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में मनुष्य पेड़-पौधों को काटता जा रहा है। जिसके कारण पृथ्वी पर ऑक्सीज़न की कमी के साथ मनुष्य की सांस भी कम होती जा रही है। हमारा सारा जीवन पर्यावरण पर निर्भर करता है। यह हमारे जीवन को निर्देशित करता है और हमारे उचित विकास और वृद्धि को निर्धारित करता है। सामाजिक जीवन के अच्छे और बुरे गुण हमारे प्राकृतिक वातावरण की गुणवत्ता पर निर्भर करते हैं। मनुष्यों की भोजन, पानी, आवास और अन्य वस्तुओं की जरुरत हमारे चारों ओर के पर्यावरण पर निर्भर होती है। गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार पर्यावरण को सुरक्षित करने के उद्देश्य से वृहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन 5 जुलाई से 7 जुलाई तक करना था। इस क्रम में 45वीं बटालियन की सभी सीमा चौकियों एवं वाहिनी मुख्यालय द्वारा क्षेत्र में वृहत पैमाने पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के तहत आज वाहिनी मुख्यालय एवं राजकीय कन्या मध्य विद्यालय के बच्चो एवं शिक्षकों द्वारा क्षेत्र के अनेक स्थानों पर पेड़ लगाए गए। मौके पर उप कमांडेंट सुदेश कुमार, निरीक्षक सुधांशु मिश्रा ने लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए पेड़ लगाने का आग्रह किया। विदित हो कि इस वर्ष 45 बटालियन द्वारा अपने क्षेत्र में कुल 23000 पौधे लगाने का लक्ष्य है।