छपरा से हमारे प्रमंडलीय ब्यूरो का संकलन :
हथियारबंद अपराधियों ने हवाई फायरिंग कर कर्मचारियों को धमकाया, फिर दिया वारदात को अंजाम
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
मांझी, (सारण)। सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बाजार में रविवार दोपहर हथियारबंद अपराधियों ने एक स्वर्ण आभूषण दुकान में बड़ी लूट को अंजाम दिया।

अपराधी बृज बिहारी गुप्ता की सोने-चांदी की दुकान से लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के आभूषण लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पूरे बाजार में दहशत फैला दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पांच अपराधी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे। पहले उन्होंने दुकान के बाहर स्थिति का जायजा लिया, फिर चार अपराधी हथियार के साथ दुकान में घुस गए।

अंदर घुसते ही उन्होंने दुकानदार व कर्मचारियों को हथियार दिखाकर धमकाया और काउंटर में रखे स्वर्ण आभूषण सहित अन्य कीमती सामान अपने बैग में भर लिया। इस दौरान दुकान के बाहर खड़े एक अपराधी ने हवाई फायरिंग कर आसपास के लोगों में दहशत पैदा कर दी, जिससे कोई विरोध नहीं कर सका। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम देकर सभी अपराधी फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस व एसडीपीओ राज कुमार की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल से एक खोखा बरामद किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दुकानदार और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर अपराधियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों के बीच भय का माहौल बढ़ गया है और उन्होंने पुलिस गश्त को और मजबूत करने की मांग की है। इस संबंध में सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया गया है। पुलिस ने दावा किया है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।








