छपरा से हमारे प्रमंडलीय ब्यूरो का संकलन :
चांदी के आभूषण व्यवसायी से हथियार के बल पर मंगलवार की शाम हुई लूट की घटना के विरोध में बुधवार को एकमा बाजार स्थित सोनार पट्टी की सभी सोना-चांदी की दुकानें सुबह से लेकर दोपहर बाद तक बंद रहीं
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
संवाददाता
– अमिट लेख
एकमा, (सारण)। एकमा थाना क्षेत्र में आमडाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज के समीप चांदी के आभूषण व्यवसायी से हथियार के बल पर मंगलवार की शाम हुई लूट की घटना के विरोध में बुधवार को एकमा बाजार स्थित सोनार पट्टी की सभी सोना-चांदी की दुकानें सुबह से लेकर दोपहर बाद तक बंद रहीं।

स्वर्ण व्यवसायियों ने अपनी एकजुटता दिखाते हुए अपराह्न तक कारोबार ठप रखा और घटना के खिलाफ कड़ी नाराज़गी जताया। एकमा स्वर्णकार व्यवसायी संघ के बैनर तले संघ के प्रतिनिधि अखिलेश गुप्ता के नेतृत्व में एकत्रित दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि लूट की गई राशि लगभग एक लिख 29 हजार 500 रुपए एवं लगभग 4.200 किलोग्राम चांदी के आभूषणों की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित की जाए तथा वारदात में शामिल अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए। व्यवसायियों का कहना था कि दिनदहाड़े हथियार के बल पर हुई इस घटना ने पूरे बाजार में भय का माहौल बना दिया है। यदि समय रहते अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यवसायियों का आंदोलन और तेज किया जाएगा। संघ के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने, बालू के स्कैनर की तरह सीसीटीवी कैमरे से अपराधियों की निगरानी सुदृढ़ करने तथा व्यवसायियों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। दुकानदारों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित होने तक वे चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति पर विचार करेंगे। उल्लेखनीय है कि एकमा थाना क्षेत्र में छपरा–सीवान मुख्य मार्ग एनएच-531 पर स्थित आमडाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज पर मंगलवार की शाम दो बाइकों पर सवार छह नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर चांदी के आभूषण व्यवसायी परसागढ़ के कसेरा टोली निवासी सालिग्राम साह के पुत्र सोनू कुमार सोनी से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पीड़ित व्यवसायी सोनू द्वारा बताया गया है कि व्यवसायी रसूलपुर बाजार से चांदी के जेवर की आपूर्ति कर बाइक से एकमा लौट रहे थे, तभी रेलवे ओवरब्रिज के बीचों-बीच अपराधियों ने घेर लिया। अपराधियों ने उनके बैग में रखे लगभग 1,29,500 रुपए नकद, करीब दो से ढाई लाख रुपये मूल्य के चांदी के लगभग 4.200 किलोग्राम आभूषण, मोबाइल फोन एवं बाइक की चाबी लूट ली और महाराजगंज की दिशा में फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर एकमा थाने में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध वारदात से संबंधित प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।








